: लोगों को यह सलाह देने वाली सिटी मजिस्ट्रेट ने खुद सादगी से शादी कर मिसाल पेश की
Tue, Jul 13, 2021
शादी में फूल-माला व मिठाई के नाम पर मात्र 500 रुपये खर्च हुए
धार। लोगों को यह सलाह देने वाली शहर की सिटी मजिस्ट्रेट शिवांगी जोशी ने भोपाल निवासी आर्मी में मेजर अनिकेत चतुर्वेदी के साथ सोमवार को धार कोर्ट में सादगी से शादी कर मिसाल पेश की। इन दोनों की यह शादी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। इनकी शादी में फूल-माला व मिठाई के नाम पर मात्र 500 रुपये खर्च हुए।शादी के बाद इन्होंने सब रजिस्ट्रार कार्यालय में शादी का रजिस्ट्रेशन भी कराया। इस दौरान दूल्हा-दुल्हन के परिजन व स्टाफकर्मी मौजूद रहे।मूलरूप से भोपाल की रहने वाली सिटी मजिस्ट्रेट शिवांगी जोशी का रिश्ता दो साल पहले घर वालों ने भोपाल में ही रहने वाले मेजर अनिकेत चतुर्वेदी के साथ तय किया था, जो वर्तमान में लद्दाख में तैनात हैं।कोरोना की वजह से शादी दो साल से टल रही थी। शिवांगी और अनिकेत ने घरवालों की सहमति से धार कोर्ट परिसर में सोमवार को बिना शोर शराबे और महंगे इंतजाम से दूर रहकर सादगी से कोर्ट मैरिज कर शादी का रजिस्ट्रेशन कराया और समाज में एक संदेश देने का भी निर्णय लिया।शिवांगी जोशी ने इस मौके पर मौजूद कुछ मीडियाकर्मियों को बताया किपिछले दो साल से कोरोना काल चल रहा है। ऐसे समय में कोरोना योद्धा के रूप में सेवा देना जरूरी समझा। इस दौरान हमने कई लोगों को खोया है। इस समय संक्रमण कम जरूर हुआ, लेकिन कोरोना अभी गया नहीं है। लोग भी नियमों का पालन करें।उन्होंने बताया कि सादगी से शादी करने का मकसद ये संदेश देना था कि लोग शादियों में फिजूलखर्च न करें। मैं शुरुआत से फिजूलखर्च के खिलाफ हूं। शादी में फिजूलखर्च से न केवल लड़की के परिवार पर बोझ पड़ता है बल्कि पैसों का दुरुपयोग भी होता है।बता दें कि सिटी मजिस्ट्रेट शिवांगी जोशी लॉकडाउन में सभी लोगों को यह सलाह देती थी कि विवाह समारोह सादगी से करें। कोरोना संक्रमण के इस काल में विशेष रुप से सावधानी रखें। उसी का अनुकरण उन्होंने खुद किया और अपनी कथनी को सच में बदला।
: एक ही गांव की 2 युवतियों की बिजली गिरने से मौत
Tue, Jul 13, 2021
नानपुर -: आलीराजपुर जिले के नानपुर थानाक्षेत्र के कोटगु गांव में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही गांव की 2 युवतियों की मौत। प्राप्त जानकारी के अनुसार बबिता पिता मेथलिया उम्र 18 वर्ष निवासी वास्कल फलिया अपने घर से पानी लेने के लिए हेण्डपम्प पर गई थी, तभी उस पर आकाशीय बिजली गिरने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।दूसरी घटना वास्कल फलिया गांव की है जहां बसंती पिता जोगड़िया उम्र 13 वर्ष अपने खेत पर बोवनी का कार्य कर रही थी तभी उस पर भी बिजली गिरी ओर उसकी भी मौत गई।उक्त जानकारी देते हुए गांव के बबलू पटेल ने बताया हादसे के बाद 2 मृत लड़कियों के शव को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नानपुर के लिए रवाना किये और पुलिस को भी सूचना दी।
: 30 दिन के अन्दर दें बिल्डिंग परमीशन -मंत्री भूपेन्द्र सिंह
Tue, Jul 13, 2021
उज्जैन। प्रस्तावित मध्यप्रदेश नगर पालिका (कालोनी विकास) नियम-2021 का प्रकाशन कर 15 दिन में आमजन से आपत्ति/ सुझाव प्राप्त किये जायें। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने यह निर्देश गत दिवस विभागीय नियमों पर चर्चा के दौरान दिये। श्री सिंह ने कहा कि बिल्डिंग परमीशन 30 दिन के अन्दर देना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कहीं पर भी निर्धारित समयावधि से अधिक समय के आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास श्री निकुंज श्रीवास्तव ने बताया कि इसके लिए सर्वर भी अपडेट किया जा रहा है।एस.ओ.आर. रिवाइज करें नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री सिंह ने कहा कि नगरीय निकायों में चलने वाले कार्यों का एस.ओ.आर. रिवाइज करें। उन्होंने कहा कि इससे गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने में सहूलियत होगी। श्री सिंह ने कहा कि शहरी आजीविका मिशन के तहत आवंटित राशि का सदुपयोग सुनिश्चित करें। ट्रेनिंग के लिए पैरामीटर निर्धारित कर योजना की सतत मानीटरिंग करें। स्व-सहायता समूहों को ट्रेनिंग देकर बैंक लिंकेज करवायें। यह योजना अब सभी 407 नगरीय निकायों में लागू कर दी गयी है। श्री सिंह ने कहा कि पेयजल और सीवरेज का काम समय पर नहीं करने वाले कांट्रेक्टर्स के विरूद्ध कार्यवाही करें। नये संशोधन के अनुसार कंपाउडिंग से संबंधित प्रकरणों के निपटारे के लिए शिविर लगाये जा सकते हैं। श्री सिंह ने कहा कि संबंधित भवन स्वामियों को नोटिस जारी करें। कंपाउंडिंग शुल्क में छूट की सीमा भी निर्धारित की जाये। श्री सिंह ने सड़कों का संधारण और नालों की सफाई के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कोविड अनुकूल व्यवहार के लिये लोगों को समझाइस दी जाये। जिन दुकानों में ज्यादा भीड़ होती है, वहाँ कूपन सिस्टम लागू करवायें। व्यापारियों से भी बात करें। लोगों को मास्क जरूर लगवायें। इस दौरान प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास श्री मनीष सिंह एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।