नागेश्वर धाम पर शनि मंदिर में शनि जन्मोत्सव धूमधाम से मनाई : केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने 35 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया
Kailash Gupta
Sat, May 16, 2026

बदनावर। यहां नागेश्वर धाम स्थित श्री गजकेसरी चतुर्भुज शनि देव के मंदिर में शनि जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच श्रद्धा, भक्ति एवं आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना प्रारंभ हो गया था। जो देर रात तक निरंतर जारी रहा। भक्तों ने भगवान शनिदेव का तेलाभिषेक कर काले तिल, पुष्प एवं पूजन कर सुख-समृद्धि एवं शांति की मंगलकामना की।
खास बात यह रही कि इस वर्ष शनिश्चरी अमावस्या का दुर्लभ संयोग 13 साल बाद बना। जिसके चलते श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिला। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान शनिदेव की पूजा-अर्चना एवं दान-पुण्य का विशेष महत्व माना जाता है। इस अवसर पर दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नागेश्वर धाम पहुंचे और भगवान शनिदेव के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
मंदिर में शनिदेव की स्थापना का 19 वां वर्ष भी श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट एवं धार्मिक वातावरण से भक्तिमय बन गया।
इस अवसर पर लगभग 35 लाख रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया गया। जिसमें नागेश्वर धाम पर 13 लाख 61 हजार की लागत से महिला स्नानगृह निर्माण, 13 लाख 67 हजार की लागत से मुक्ति धाम पर टीन शेड निर्माण, अस्थि रखने हेतु लॉकर निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। साथ ही शनि मंदिर परिसर में निर्मित टीन शेड का लोकार्पण भी किया। इसका निर्माण 8 लाख रुपए की लागत से किया गया है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष मीना-शेखर यादव ने की। शनि मंदिर समिति अध्यक्ष शेखर यादव, कार्यक्रम संयोजक अभिषेक सोनी समेत कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज सोमानी, मंडल अध्यक्ष मनीष गुर्जर, नप उपाध्यक्ष राजेंद्रसिंह पंवार, पार्षद झन्नूबाई सिरवी, भारती राठौड़, सुखराम देवदा,चेतन नागल, अनीता चौहान, मितेश शर्मा, कन्हैयालाल गुर्जर, समाजसेवी मनोहरलाल जायसवाल सीएमओ लालसिंह राठौर, उप यंत्री सारंग पुराणिक सहित कई जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु मौजूद थे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन