आदिवासी समाज व जयस संगठन ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन : आदिवासी भूमि उद्योग हेतु आवंटन को निरस्त करने की मांग
Kailash Gupta
Wed, Jun 3, 2026
बदनावर। ग्राम चिराखान (पंचायत निंदवानिया), चिराखान एवं भेरूपाड़ा की 211.408 हेक्टेयर आदिवासी भूमि उद्योग स्थापना हेतु आवंटित किए जाने के विरोध में आदिवासी समाज और जयस संगठन का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सर्व आदिवासी समुदाय एवं जयस पदाधिकारियों ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन तहसीलदार सुरेश नागर को सौंपकर भूमि आवंटन को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि जिन 211.408 हेक्टेयर भूमि को उद्योग के लिए आवंटित किया गया है, उसी भूमि पर आदिवासी परिवार पीढ़ियों से खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं। यह जमीन केवल खेती का साधन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, पहचान और अस्तित्व का आधार है। उद्योग के नाम पर आदिवासियों को उनकी पुश्तैनी भूमि से बेदखल करने का प्रयास किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। क्षेत्र की जीवनदायिनी बागेड़ी नदी एवं अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों पर भी ग्रामीणों ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि उद्योग स्थापित होने से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ेगा, जल स्रोत प्रभावित होंगे तथा हजारों किसानों और ग्रामीणों की आजीविका पर संकट खड़ा हो जाएगा। इससे आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी प्रभावित होगा।
निंदवानिया ग्राम पंचायत की सरपंच रवीना बाई रामलाल पग्गी एवं भेरूपाड़ा के सरपंच उदय सिंह गामड़ ने भी शासन-प्रशासन को लिखित आवेदन देकर उद्योग स्थापना हेतु आवंटित भूमि को निरस्त करने की मांग की है। दोनों जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों की भावनाओं एवं आदिवासी हितों को ध्यान में रखते हुए भूमि आवंटन रद्द करने का आग्रह किया है।
जयस संगठन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि उद्योग विभाग को किया गया 211.408 हेक्टेयर भूमि का आवंटन तत्काल निरस्त नहीं किया गया तो आदिवासी समाज चरणबद्ध आंदोलन, धरना-प्रदर्शन, जनजागरण अभियान एवं व्यापक जनसंघर्ष शुरू करेगा। आवश्यकता पड़ने पर उग्र आंदोलन भी किया जाएगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस अवसर पर जयस धार जिलाध्यक्ष सुनील डाबर, जिला सचिव संतोष मुनिया, जिला महामंत्री विक्रम भाभर, जिला मीडिया प्रभारी अजय डावर, तहसील अध्यक्ष राहुल गिरवाल, कार्यकारी अध्यक्ष ऊंकार भाभर, उपाध्यक्ष मनीष डावर, प्रभारी श्याम ओसारी, कोषाध्यक्ष जितेंद्र मुनिया, महामंत्री विनोद वसुनिया, नगर अध्यक्ष राकेश दिया, अरविंद राठौर, अर्जुन मुनिया, राहुल मुनिया, कमलेश सिंगार, राकेश मुनिया, राहुल सारेल, रामलाल, कुन्दन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं जयस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन