April 29, 2024

India 24 News TV

Khabar Har Pal Ki

सीहोर के रुद्राक्ष महोत्सव से परेशान हुए मां-बेटे ने भेजा पंडित प्रदीप मिश्रा को 1 करोड़ का नोटिस

भोपाल। विख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा द्वारा सीहोर में किये गये रुद्राक्ष महोत्सव से परेशान इंदौर के रहने वाले एक मां-बेटे ने 1 करोड़ रुपए का नोटिस भेजा है। इस नोटिस में सीहोर जिले के कलेक्टर और एसपी को भी शामिल किया गया है। इंदौर के रहने वाले शुभम शर्मा और उनकी मां ने जाम में फंसने के कारण एक करोड़ रुपए के हर्जाने का नोटिस भेजा है। शुभम के वकील आनंद सोसरिया ने बताया कि पंडित प्रदीप मिश्रा के रुद्राक्ष महोत्सव के कारण दोनों को इंदौर-भोपाल हाइवे में करीब 20 घंटे तक जाम में फंसा रहना पड़ा। जिस कारण से उन्हें कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

 

केस के लिए जा रहे थे भोपाल

जानकारी के अनुसार, 16 फरवरी को शुभम और उनकी मां विजया शर्मा राज्य उपभोक्ता फोरम के एक केस के लिए भोपाल जा रहे थे। वो दोनों सुबह इंदौर से निकले थे। लेकिन रुद्राक्ष महोत्सव के कारण वो जाम में फंस गए। करीब 20 घंटे तक जाम में फंसे रहने के कारण उन्हें भूखा-प्यासा रहना पड़ा। जिस कारण से वो उपभोक्ता फोरम के केस में समय पर नहीं पहुंचे। इसके साथ ही उन्हें मानसिक प्रताड़ना भी सहनी पड़ी।

 

क्या है नोटिस में

वकीस आनंद सोसरिया ने बताया कि नोटिस इस कारण से दिया गया है कि रुद्राक्ष महोत्सव के आयोजन में लापरवाही की गई। पुलिस और प्रशासन व्यवस्था को नहीं संभाल पाए जिस कारण से जाम की स्थिति बनी। जाम के कारण लोगों को परेशान होना पड़ा। इस जाम में बुजुर्ग और बच्चे भी फंसे हुए थे। शुभम शर्मा के इस नोटिस के बाद प्रदीप मिश्रा एक बार फिर से सुर्खियों में आ गए हैं। हालांकि अभी प्रदीप मिश्रा की तरफ से इस मामले में कोई जवाब नहीं दिया गया है।

About Author