: एप्को देगी नि:शुल्क मिट्टी की गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण -पर्यावरण मंत्री डंग
Fri, Aug 13, 2021
भोपाल। पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग ने पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) को आगामी गणेश चतुर्थी के लिये लोगों को सितंबर के प्रथम सप्ताह में मिट्टी से गणेश मूर्ति का नि:शुल्क प्रशिक्षण देने के निर्देश दिये हैं। श्री डंग ने कहा कि पीओपी से बनी और रासायनिक रंगों से रंगी मूर्तियों के विसर्जन से नदी-तालाबों का जल विषाक्त होता है। हमारी संस्कृति में माटी गणेश पूजन की परंपरा है, जो तत्काल पानी में घुल जाती है और पर्यावरण को तनिक भी नुकसान नहीं पहुँचता है। श्री डंग ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मिट्टी, गोबर, सुपारी आदि से गणेश का प्रतीक बनाकर पूजने की परंपरा रही है। मंगल कलश में बनने वाले स्वास्तिक को भी गणेश ही माना जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि बच्चों को मिट्टी की प्रतिमा बनाना सिखाने के साथ पीओपी के दुष्परिणामों से भी अवगत करायें। इससे भविष्य में पर्यावरण प्रदूषण के प्रति जागरूकता का वातावरण रहेगा। श्री डंग ने कहा कि पीओपी मूर्तियों का विसर्जन तालाबों और कुंडों की जलभराव क्षमता को भी कम करता है। रासायनिक रंगों का दुष्प्रभाव मनुष्यों और पशुओं में अनेक रोगों को जन्म देता है। पीओपी की मूर्तियाँ लम्बे समय तक जल में नहीं घुलतीं, इससे देवी-देवताओं की अवमानना भी होती है। उन्होंने कहा कि एप्को में प्रशिक्षण के दौरान बनायी गयी मूर्ति लोग अपने घर नि:शुल्क ले जा सकेंगे। पूजन के उपरांत मूर्ति का विसर्जन घर पर ही किया जा सकेगा।
: कांग्रेस सेवादल कार्यालय पर होगा ध्वजारोहण
Fri, Aug 13, 2021
बदनावर । स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर कांग्रेस सेवादल कार्यालय पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कमल पटेल प्रातः9 बजे झंडा वंदन करेंगे वह सलामी देंगे। इस अवसर पर कांग्रेस, युवा कांग्रेस ,महिला कांग्रेस, एनएसयूआई व सेवा दल कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे । उपरोक्त जानकारी कांग्रेस सेवा दल प्रभारी पंडित जितेंद्र जोशी एवं सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष निर्भय सिंह चौहान ने दी ।
: दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के साथ नाग बावजी एवं वीर तेजाजी की प्रतिमाएं विराजित की
Fri, Aug 13, 2021
बदनावर । ग्राम खेड़ा में नवनिर्मित नाग जी, तेजाजी मंदिर में दो दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के साथ नाग बावजी एवं वीर तेजाजी की प्रतिमाएं विराजित की गई। चौराहे पर ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर का नव निर्माण किया गया ।जिसमें गुरुवार व शुक्रवार को पंडित संतोष गौर के सानिध्य में मंत्रोपचार के साथ यज्ञ में आहुतियां दी गई । शुक्रवार को प्रातः दोनों प्रतिमाएं झांकी नुमा ट्रैक्टर में विराजित कर गांव में समस्त मार्गो से जुलूस निकाला गया ।वाह बाद में प्रतिमाएं विराजित की गई । इस दौरान युवाओं एवम् महिलाओं का सराहनीय योगदान रहा। यज्ञ में मुख्य रूप से रमेश पाटीदार भूरा ने सपत्नी आहुतियां दी गई ।दोनों प्रतिमाएं विराजित करने के पश्चात धूमधाम से नाग पंचमी मनाई गई। ग्रामीणों द्वारा नारियल की प्रसादी व नाग बावजी को पात्र में दूध चढ़ाकर पूजा अर्चना की गई । दिन में श्रद्धालुओं का दर्शन हेतु आवागमन जारी रहा।