: होशंगाबाद में आदिवासी बुजुर्ग दंपती की धारदार हथियार से मारकर हत्या
Sat, Sep 25, 2021
होशंगाबाद। होशंगाबाद जिले के केसला से 40 किमी दूर पिपरिया खुर्द में दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। आदिवासी बुजुर्ग दंपती की अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। बुजुर्ग पति का शव आंगन और पत्नी का शव घर के पीछे पड़ा था। बेटे-बहू के रिश्तेदारी से लौटकर घर आने पर घटना की जानकारी मिली। खबर लगते ही गांव में सनसनी फैल गई।सूचना केसला थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी विमलेश उइके स्टॉफ के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी डॉ. गुरकरन सिंह, एसडीओपी एमके मालवीय भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। देर रात हरदा से फॉरेंसिक साइंस लैब अधिकारी पिपरिया खुर्द पहुंचे। पुलिस के मुताबिक पन्नालाल पुत्र विशन कलमे (60) और उसकी पत्नी कस्तूरी बाई के शव शुक्रवार शाम को घर आंगन और पीछे मिले हैं। मृतक का बेटा रायसिंह अपनी पत्नी सीमा बाई के साथ साढू भाई के घर मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने गुरुवार को शाहपुर के हांडीपानी गांव गया था। घर पर माता-पिता अकेले थे। वापस गांव आया तो पिता आंगन में मृत अवस्था में और मां घर के पीछे मृत अवस्था में पड़े मिले। दोनों के गले और सिर पर चोट के निशान है। उसने गांव में आस-पड़ोस में यह जानकारी दी। सूचना मिलने पर केसला थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का मुआयना किया। स्नस्रु टीम द्वारा साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए इटारसी भेजा गया है। शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम होगा।घटना के बारे में पड़ोसियों ने साधी चुप्पी, पुलिस का शक बढ़ाएसपी डॉ. गुरकरन सिंह ने बताया दोहरे हत्याकांड होने के बारे में रात को पड़ोसियों से मौखिक जानकारी ली गई। किसी ने भी यह घटनाक्रम के बारे में कुछ नहीं कहा। बुजुर्ग दंपती को शव रात से सुबह तक घर के बाहर पड़े रहे। उस पर भी किसी की नजर नहीं गई। मोहल्ले में एक-दो परिवार से पुराने विवाद की जानकारी मिली है। घटना में मोहल्ले के लोगों पर शंका है। जांच पड़ताल की जा रही है।
: अब सड़कों पर न बैठें मवेशी -मंत्री श्री पटेल
Sun, Sep 19, 2021
मवेशियों का सड़क पर नहीं सुरक्षित स्थान पर बैठना सुनिश्चित करें, पशुपालन मंत्री श्री पटेल ने अधिकारियों को दिए निर्देश
भोपाल। पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री श्री प्रेम सिंह पटेल ने कहा है कि सभी कलेक्टर और पशुपालन विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करें कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर मवेशी न बैठें। इससे मवेशियों के साथ ही लोगों का भी सड़क दुर्घटना के प्रति खतरा बढ़ जाता है। श्री पटेल ने पशु चिकित्सा संस्थाओं के प्रभारियों से कहा है कि वे पास के गौ-शालाओं में उपलब्ध गौवंश की सतत निगरानी करें और पशु उपचार की सुविधा समय पर प्रदान करें। सभी गौ-शालाओं में अनिवार्य रूप से सूखा स्थान, भूसे का भण्डारण और स्वच्छ जल उपलब्ध हो।अपर मुख्य सचिव पशुपालन ने सभी जिला कलेक्टरों को जारी पत्र में कहा है कि प्रमुख सड़क मार्ग और शहरी क्षेत्रों के आवारा गौवंश को पास की गौ-शालाओं में स्थानांतरित करने के लिये नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों को निर्देशित करें। गौ-शालाओं में उपलब्ध गौवंश का बारिश के कारण सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उनके आवास का स्थान सूखा एवं सुविधाजनक हो। संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिये गौवंश का टीकाकरण सुनिश्चित करें।
: भ्रष्ट कर्मचारियों को नौकरी करने लायक नहीं रहने देंगे- मुख्यमंत्री
Thu, Sep 16, 2021
भोपाल। प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में तहसीलदार समेत तीन अधिकारियों को सस्पेंड करने के बाद आज अलीराजपुर में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भ्रष्ट कर्मचारियों को में नौकरी करने लायक नहीं रहने देंगे । मुख्यमंत्री जोबट में जनदर्शन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी अच्छा काम करते हैं उन्हें हम पुरस्कृत करेंगे, प्रशस्ति पत्र देंगे, सम्मान करेंगे। लेकिन अगर किसी कर्मचारी ने जनता के पैसे खाने की कोशिश की तो उसको नौकरी करने के लायक नहीं रहने देंगे, उनको सजा देने का काम भी करेंगे। श्रीचौहान ने कहा कि हमारे जिन जनजातीय भाई-बहनों का 2006 से पहले से जमीन पर कब्जा है, तो उन्हें पट्टा देकर उस भूखण्ड का मालिक बनाया जायेगा। ऊंचे स्थानों पर जहां सिंचाई के लिए जल नहीं पहुंच पा रहा है, वहां कपिलधारा के अंतर्गत कुएं बनाकर सिंचाई की व्यवस्था की जायेगी।