: काली बावड़ी दरगाह पर धूमधाम से मनाया जश्ने उर्स
Mon, Jan 20, 2025
बदनावर। नगर के बखतगढ़ रोड स्थित काली बावड़ी दरगाह पर जश्ने उर्स का आयोजन धूमधाम से मनाया गया। कमेटी सदर मोहम्मद शकील खान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष से भी हजरत अजीम शहंशाह वली दाता काली बावड़ी वाले बाबा का 40 वा साल जश्ने उर्स महफिलें रंग ,चादर शरीफ पेश लंगर, दुआ एवं फतिहा का आयोजन रखा गया। सुबह बाबा को चादर शरीफ पेश कर आयोजन की शुरुआत की गई।कव्वाली प्रोग्राम में हिंदुस्तान के मशहूर कव्वाल मुंबई से अफरोज साबरी एवं साबरी ब्रदर्स कव्वाली टीम के सदस्यों ने एक से एक कव्वालों की प्रस्तुति दी। दोपहर में लंगर और दुआ व फतिहा का आयोजन हुआ। सुबह से ही काली बावड़ी दरगाह पर बड़ी संख्या में मुस्लिम सम्मानजन का आयोजन में शामिल हुए। आयोजन के 8 दिन पहले से ही काली बावड़ी दरगाह पर साफ सफाई कर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई जो रात्रि में आकर्षण का केंद्र लग रही थी। आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा पूरा आयोजन पुलिस की निगरानी में हुआ।
: चालू वर्ष में विधायक ने 246 लाख रुपए का जनोपयोगी कार्य हेतु आवंटन किया
Sat, Jan 18, 2025
बदनावर। विधायक भंवर सिंह शेखावत द्वारा विधानसभा क्षेत्र बदनावर के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में शासन से प्राप्त आवंटन राशि रूपये 250 लाख में से वर्तमान तक 246.20 लाख का उपयोग क्षेत्र में विकास के द्रष्टिगत विभिन्न निर्माण एवं अन्य जनोपयोगी कार्यों के लिए किया गया।विधायक की अनुशंसा पर कलेक्टर, जिला योजना एवं सांख्यिकी द्वारा ग्राम कोद में टीन शेड हेतु 6 लाख रूपये, सतकुई बाबरडा में 9.85 लाख सम्बंधित ग्राम पंचायत को प्रदाय की जा चुकी है तथा लक्ष्मी गोशाला खेड़ा को 10 लाख रुपए आवंटित की गई है। राशि प्रदाय की कार्यवाही प्रचलन में है।इसी प्रकार क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति हेतु कृषक वर्ग एवं ग्रामीण जनता की विद्युत समस्या के निराकरण के द्रष्टिगत 17 ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए। ग्राम छायनखुर्द, सेमलिया, किशनपुरा, नौगांवाखुर्द, कड़ोदकला, बाबरडा, सांभर, भैंसोला, डेरखा, कंडारिया, भाटबामंदा, जलोदखेता, वरनासा, दुदवाल, कनवासा, बिलोदा में विद्युत ट्रांसफार्मर की राशि 94 लाख रुपए है। आगामी ग्रीष्मकाल में पेयजल के द्रष्टिगत विभिन्न ग्राम पंचायतो के गांव में 16 टैंकर प्रदाय किए जा चुके है। ग्राम सादलपुर, संगेसरा, अन्तराय, ढोलाना खुर्द, कराड़िया, काछीबड़ोदा, बाकुरली, फुलेड़ी, बुलगारी, चीराखान, शेरगढ़, बिडवाल, कनवासा, जालमपुरा, बगदीयापाडा, लिलीखेडी शामिल हैं।16 टैंकर की अनुशंषा कठोडीयाबड़ा, खिलेडी, भुवानीखेडा, बालोदा, झिझारड, बोरदा, पचलाना, पंचकवासा, सेमलखेडा, ढोलाना, कडोदकला, मुरडका, माकनी, पायकुंडा, धान्याखेडी में राशि 51.45 लाख है।यात्रियों की सुविधा हेतु विधानसभा क्षेत्र के सड़क मार्ग पर यात्री प्रतीक्षालय ग्राम बोराली, बखतगढ़ फाटा, खेरवास, लोहारी बुजुर्ग, खाचरोदा, शासकीय महाविद्यालय के सामने कानवन, कलसाडा बुजुर्ग, लबरावदा, सेमलिया, रीटोडा एवं सादलपुर में स्थापित किए गए। इनकी राशि 28.50 लाख रुपए है। शिक्षा क्षेत्र के द्रष्टिगत विद्यार्थी हेतु शासकीय विद्यालय ढोलाना एवं खेडा में राशि रूपये 3.90 लाख का फर्नीचर प्रदाय किया गया।इसके अतिरिक्त ग्राम विकास की द्रष्टि से ग्राम काछीबड़ोदा, खाचरोदा, कंडारिया, बदनावर, भीमपुरा, कनवासा, शेरगढ़, रीटोडा में राशि रूपये 44 लाख के सीसी रोड हेतु अनुशंषा की गई है। शेष राशि 4.80 लाख शीघ्र ही अनुशंषा की जा रही है। विधायक शेखावत द्वारा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत स्वेच्छा अनुदान निधि अंतर्गत दिव्यांग, चिकित्सा सहायता, शिक्षा सहायता एवं अन्य आवश्यकता अनुसार 825 हितग्राहियों को राशि रूपये लगभग 70 लाख के चेक प्रदाय किये जा चुके है। शेष राशि 5 लाख रुपए की भी अनुशंषा की जा चुकी है, शीघ्र ही हितग्राहियो को चेक प्रदाय किए जाएंगे। जानकारी विधायक निज सहायक आरपी सिंह ने दी।
: डॉ अंबेडकर के प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के मामले में ज्ञापन दिया
Thu, Jan 16, 2025
बदनावर। बदनावर में आंबेडकर चौराहा व जेल रोड पर मांगलिक भवन में स्थित संविधान निर्माता बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्व द्वारा खंडित किया गया। जिसके विरोध में आज भीम आर्मी बदनावर, बहुजन भीम आर्मी, भील सेना, अभा बलाई महासभा के नेतृत्व में अनुविभागीय अधिकारी बदनावर व थाना प्रभारी को ज्ञापन दिया गया। जिसमें मांग की गई कि मूर्ति खंडित करने वाले आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ कर कार्रवाई की जाए और खंडित मूर्ति के स्थान पर नई प्रतिमा लगाई जाए। यदि जल्द ही निराकरण नहीं किया तो सामाजिक संगठन द्वारा जन आंदोलन किया जाएगा। जिसकी जवाबदारी शासन प्रशासन की रहेगी।ज्ञापन के दौरान उपस्थित भीम आर्मी से निलेश मालवीय, दीपक रायकवार, बहुजन भीम आर्मी से प्रदेश प्रभारी दयाशंकर मालवीय, बलाई महासभा से सुनील चौहान, राकेश नगदिया, विजय मालवीय, अशोक मालवीय, संजय बोरझालिया, राहुल सिहाल, सोहन मकवाना, जितेन्द्र मांगलिया, रितेश रिल, मुकेश बोरझालिया, ओमप्रकाश परमार, विनोद सोलंकी, भेरूलाल डावर, अजीत गणावा, परमानंद सिहाल, रितिक रील मौजूद थे। ज्ञापन का वाचन भील सेना तहसील अध्यक्ष भेरूलाल वसुनिया ने किया।