: बदनावर नपाध्यक्ष यादव ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विकास कार्यो का मांग पत्र सौंपा
Wed, Dec 27, 2023
बदनावर। प्रदेश के नए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से बुधवार को बदनावर नगर परिषद अध्यक्ष मीना शेखर यादव ने भोपाल पहुंचकर मुलाकात की तथा नगर के विकास के लिए विभिन्न विकास कार्यों के लिए मांग पत्र सौंपा।नपाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को मांग पत्र देकर उज्जैन बदनावर फोरलेन मार्ग से बदनावर बड़ी चौपाटी तक आदर्श सड़क बनाने व पिटगारा तिराहे से छात्रावास भवन तक फोरलेन सड़क स्वीकृत करने की मांग रखी।पत्र में बताया गया कि विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग उज्जैन दर्शन के लिए गुजरात, राजस्थान व महाराष्ट्र आदि प्रदेशों के श्रद्धालुओं का आना-जाना थांदला से उज्जैन मार्ग पर लगा रहता है। साथ ही यहां ए ग्रेड की मंडी बदनावर में स्थित है। इस मार्ग पर पीएम मेगा मित्र टेक्सटाइल पार्क एवं कपड़ा फैक्टरी स्थित है। इस कारण पिटगारा तिराहे से पेटलाद रोड पर छात्रावास भवन तक यातायात का दबाव लगा रहता है। इससे बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। लंबे समय से इस मार्ग के चौड़ीकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इसलिए इस मार्ग को टू लेन से फोरलेन में तब्दील करने की स्वीकृति प्रदान करे।इसके अलावा उज्जैन से बदनावर तक फोरलेन सड़क बन रही है, जो बड़नगर रोड पर नगर से 3 किलोमीटर दूर से क्रॉस होकर रतलाम रोड़ पर निकल रहा है। इसलिए पोल्ट्री फार्म से बड़ी चौपाटी तक एक आदर्श सड़क निर्माण की महती आवश्यकता है। इसलिए आदर्श सड़क निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान करे। पत्र में बताया गया कि इन मार्गो पर अत्यधिक वाहनों का दबाव रहता है। ऐसे में मॉर्ग चौडीकरण करना जरूरी है।नपाध्यक्ष यादव ने शहर के विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी। इस पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने नगर विकास के लिए हरसंभव सहयोग करने का वादा कर नगर लिए मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए।नपा अध्यक्ष यादव ने बताया कि मार्ग के चौड़ीकरण करने के बाद फोरलाइन चौराहे पर फुट ब्रिज निर्माण, भूमिगत नाला व उसके ऊपर फुटपाथ एवं बीच में डिवाइड एवं स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना है। इससे मार्ग पर टहलने वाले लोगों को भी सुविधा होगी और दुर्घटना का सामना नहीं करना पड़ेगा। बता दे की पूर्व में भी इस मार्ग पर पैदल घूमते के दौरान हादसे हो चुके है।
: अंतर्राष्ट्रीय अर्हत जैन संघ के संस्थापक आचार्य सुशील कुमार जी के सम्मान में डाक टिकट जारी हुआ
Tue, Dec 26, 2023
आपके सानिध्य में वर्ष 1955 में उज्जैन में विश्व धर्म सम्मेलन हुआ था उसके पश्चात पहली बार बदनावर पधारे थे
बदनावर। विश्व धर्म प्रचारक, जैन विभुति आचार्य सुशील कुमार जी जिन्होंने अपने जीवन काल में भारतीय धर्म और संस्कृति के मूल तत्व सत्य अहिंसा भाईचारे के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और भगवान महावीर स्वामी के जियो और जीने के सिद्धांत का विश्वव्यापी प्रचार किया। आपके सम्मान में भारत सरकार द्वारा हाल ही में एक विशेष डाक टिकट जारी किया गया। जो पांच रुपए मुल्य वर्ग का है।यह डाक टिकट दिल्ली में एक समारोह में जारी किया गया।उक्त जानकारी देते हुए डाक टिकट संग्राहक एवं वर्द्धमानपुर शोध संस्थान के ओम पाटोदी ने बताया कि 1983 में भारत के बाहर स्थित पहला जैन तीर्थ सिद्धाचलम की स्थापना का श्रेय आचार्य सुशील कुमार जी को दिया गया है। यह तीर्थ ग्रामीण न्यू जर्सी , संयुक्त राज्य अमेरिका में 108 एकड़ (44 हेक्टेयर) साइट पर स्थित है । बदनावर जैन समाज वरिष्ठ समाजसेवी पवन कुमार जैन ने श्री सुशील कुमार जी के बारे में अधिक जानकारी देते हुए बताया कि आचार्य अपनी विदेश यात्रा के पश्चात दो बार अपने विदेशी शिष्यों के साथ बदनावर पधारे थे और नगर में बड़ी धर्म सभा हुई थी। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता श्री चांदमल जी फुलजी बा आचार्य के अनन्य भक्त थे ओर बदनावर के धर्म सभा में उपस्थित थे यहां तक कि आचार्य सुशील कुमार जी के देवलोकगमन पर फुलजी बा सा उनके अंतिम दर्शन करने के लिए दिल्ली भी गये थे। उन्होंने बदनावर आगमन का एक पुराना चित्र भी साझा किया।