: पुतला दहन के दौरान झुलसे SI के मामले में पुलिस द्वारा कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज किए,विधायक ने कहा की अगर ये मामला बनता होगा तो मैं विधायकी छोड़ दूंगा
Kailash Gupta
Fri, Feb 4, 2022
ग्वालियर। कांग्रेस के पुतला दहन आंदोलन के दौरान झुलसे पुलिस सब-इंस्पेक्टर के मामले में कांग्रेस और प्रशासन को आमने-सामने ला दिया। पुलिस ने करीब 15 कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज किए हैं। इसे लेकर कांग्रेस के विधायक प्रवीण पाठक ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) को मंच से फोन पर चेतावनी दी, कि यदि ये मामला बनता होगा, तो मैं विधायकी छोड़ दूंगा।कांग्रेस MLA प्रवीण पाठक ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की बैठक के बीच से ही कलेक्टर को फोन लगाया और स्पीकर पर माइक से बात की। उन्होंने साफ़ कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई नहीं की जाए। उन्होंने इस बात पर भी चुनौती दी कि मुख्यमंत्री के पुतला दहन के प्रयास के दौरान झुलसे SI दीपक गौतम पर जानबूझकर पुतला नहीं फेंका गया। ये एक घटना थी और FIR दर्ज करने जैसा कोई मामला नहीं बनता।पुलिस कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस के साथ पार्टी के बड़े नेता सामने आ गए हैं। भाजपा बनाम कांग्रेस होते ही इस मामले में बुधवार को प्रशासन पर दबाव भी दिखाई दिया। एक आरोपी अनीस खान का शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिया गया। एक कार्यकर्ता का क्रशर भी जब्त किया गया है। बिना अनुमति धरने पर बैठे कांग्रेसियों पर कार्रवाई के लिए धमकाया गया।पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर प्रशासन की कार्रवाई को दमनकारी कार्रवाई बताते हुए इसकी निंदा की। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने DGP के लिए ट्वीट कर लिखा है कि इतना सत्ता प्रेम क्यों, बेमतलब आग में झुलस जाएंगे। वहीं जिला कांग्रेस ने मुख्यमंत्री, गृहमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि युवाओं पर हत्या के प्रयास जैसी कार्रवाई द्वेषपूर्ण है, पुतला जलाना अपराध नहीं है। कांग्रेस ने इस मामले में प्रेसवार्ता भी की। दोपहर को IG अनिल शर्मा को कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन सौंप और युवा कांग्रेसियों पर की जा रही कार्रवाई को स्थगित करने की मांग की।ये हुई थी घटनाशहर के हजीरा इलाके में बनी 70 साल पुरानी सब्जी मंडी को प्रशासन ने सोमवार को तुड़वा दिया था यहाँ के सब्जी कारोबारियों को इंटक मैदान में जगह दी गई है। कांग्रेस और NSUI कार्यकर्ताओं ने इस मंडी को तोड़ने और सब्जी कारोबारियों को हटाने का विरोध किया। इससे पहले कांग्रेस नेता सुनील शर्मा के नेतृत्व में सब्जी विक्रेताओं ने प्रदर्शन किया था। तब कांग्रेस नेता सुनील शर्मा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। कांग्रेस में इसी बात को लेकर आक्रोश था।कांग्रेस ने विरोध स्वरुप फूलबाग चौराहे पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन की कोशिश की। इस दौरान कानून व्यवस्था संभालते हुए इंदरगंज थाने के SI दीपक गौतम झुलस गए। मामला CM के संज्ञान में आने पर उन्होंने सख्ती दिखाई और कलेक्टर से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। बताया गया कि कांग्रेसियों ने पुतला बचाने आए SI दीपक गौतम के ऊपर जलता पुतला फेंक दिया था। इससे उनकी वर्दी में आग लग गई और वे बुरी तरह झुलस गए। SI की कमर और सीना जल गया। लोगों ने आग को बुझाई और उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें दिल्ली रैफर कर दिया गया।

Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन