: बकाया नही भरने पर नगर परिषद ने की दुकान सील
Thu, Nov 18, 2021
बदनावर। बदनावर नगर परिषद के द्वारा राइट ऑफ ऑक्युपेशन पर वर्ष 2013 में नीलाम की गई दुकान की मूल व किराया राशि नही भरने पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा भण्डारी व राजस्व की टीम ने बदनावर के शुभकामना बाजार के प्रथम तल पर स्थित दुकान को गुरुवार को सील कर दिया।मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा भण्डारी ने बताया की नगर परिषद की दुकानों को वर्ष 2013 में निलाम किया गया था। संबंधित बोलीकर्ता के द्वारा लगाई गई बोली की मूल राशि मे 50 हजार रुपये व किराये की राशि बकाया थी। संबंधित को राशि भरने हेतु कई बार मौखिक व सूचना पत्र के माध्यम से राशि भरने हेतु कहा गया था किंतु आज दिनांक तक राशि जमा नही की गई।
क्या है मामला
वर्ष 2013 में नगर परिषद के द्वारा शुभकामना बाजार में दुकानों की नीलामी राइट ऑफ ऑक्युपेंशन के आधार पर की गई थी, दुकान क्रमांक 3 नंदकिशोर पिता चंपालाल के द्वारा ली गई थी। किंतु संबंधित के द्वारा पूरी राशि न भरते हुए मात्र 50 हजार ही भरे गए थे। निकाय के द्वारा बार बार नोटिस व अवसर के बावजूद राशि नही भरी गई यहाँ तक की किराया भी नही भरा गया। जिससे निकाय को राजस्व की हानि हो रही थी।जिसके बाद आज मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा भण्डारी व राजस्व की टीम ने उक्त दुकान को सील किया।
: 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक भोपाल में विभिन्न राज्यों के शूटर्स दिखायेंगे अपना जौहर
Wed, Nov 17, 2021
भोपाल। राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद राजधानी भोपाल पुन: राष्ट्रीय शूटिंग चेम्पियनशिप के लिये तैयार है। इसी माह 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक बिशनखेड़ी स्थित मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में 64वीं राष्ट्रीय शूटिंग चेम्पियनशिप का आयोजन किया जायेगा। चेम्पियनशिप में विभिन्न राज्यों के लगभग 5 हजार शूटर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। खेल एवं युवक कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने गत दिवस अकादमी में चेम्पियनशिप की तैयारियों का जायजा लिया। श्रीमती सिंधिया ने विभिन्न शूटिंग रेंज, दर्शकों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों की बैठक व्यवस्था, उनके रहवास और भोजन, प्रशिक्षकों और वालेंटियर्स के ड्रेस कोड, मशीनरी, आर्मरी आदि व्यवस्थाओं की जानकारी ली। हाई परर्फार्मेंस प्रशिक्षक मनशेर सिंह ने तैयारियों की जानकारी दी।खेल मंत्री श्रीमती सिंधिया ने कहा कि नेशनल रायफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया और खेल, युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में इस चेम्पियनशिप को हर स्तर पर सफल बनाना ही है। इसके लिये कोई कसर न छोड़े। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के लिये गौरव की बात है कि हमारी अकादमी के अंतर्राष्ट्रीय स्तर के मद्देनजर एनआरएआई ने रायफल शूटिंग की राष्ट्रीय चेम्पियनशिप के लिये भोपाल अकादमी को चुना है।
: बदनावर की करीब 33 दूध समितियां अब उज्जैन से हटकर इंदौर में जुड़ी
Wed, Nov 17, 2021
किसानों ने उद्योग मंत्री दत्तीगांव से जोड़ने की मांग की थी
बदनावर। तहसील की सभी दुग्ध समितियां को अब उज्जैन दुग्ध संघ से हटाकर इंदौर सहकारी दुग्ध संघ में जुडा गया है। किसानों की मांग पर प्रदेश सरकार के उद्योग मंत्री व क्षेत्रीय विधायक राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के प्रयास से अब तहसील की सभी दूध समितियां इंदौर कार्यक्षेत्र में शामिल हो गई है। जानकारी के अनुसार पहले बदनावर तहसील की दुग्ध समितियां दो भागों में बटी हुई थी। यहां संचालित कुछ दूध समितियां इंदौर दुग्ध संघ में तो कुछ समितियां उज्जैन दुग्ध संघ में जुड़ी हुई थी। उज्जैन दूध संघ में तहसील की करीब 33 समितियां शामिल थी। किंतु वहां दूध के भाव भी थोड़े कम मिलते थे। साथ ही किसानों को शासकीय सुविधाओं का लाभ भी आसानी से नहीं मिल पा रहा था।इसको लेकर किसानों व दूध समितियों के प्रतिनिधियों ने दत्तीगांव से मांग की थी कि उज्जैन दुग्ध संघ में जुड़ी हुई सभी समितियों को वहां से संशोधित करवाकर इंदौर दूध संघ में जुड़वाया जाए। इसके बाद यह कार्रवाई हुई है। किसान रणजीत पाटीदार गाजनोद ने बताया कि उज्जैन और इंदौर दुग्ध संघ में दूध के भाव का भी अंतर रहता था। साथ ही अब जिला व संभाग सभी एक समान होने से कॉपरेटिव के माध्यम से किसानों को योजनाओं का लाभ भी आसानी से मिल जाएगा। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में 7 दूध संघ है, जिसमें इंदौर दूध संघ सबसे ज्यादा लाभ में रहता है। इसका भी फायदा क्षेत्र की दूध समितियों व किसानों को मिलेगा।कार्यालय आयुक्त सहकारिता एवं पंजीयक सहकारी संस्था भोपाल द्वारा इसको लेकर बुधवार को आदेश जारी किया गया है। इंदौर और उज्जैन सहकारी दूध संघ के संचालक मंडल द्वारा प्रस्ताव पारित कर बदनावर तहसील की दूध समितियों को इंदौर सहकारी दूध संघ के कार्य क्षेत्र में शामिल करने का प्रस्ताव पेश किया गया था। जिस पर यह मोहर लगी है। क्षेत्र के किसानो ने मंत्री दत्तीगांव, अन्य जनप्रतिनिधियों व दुग्ध महासंघ का आभार माना है।