दो दिवसीय सांसद खेल महोत्सव का हुआ शुभारंभ : देश के खिलाड़ी विश्वभर में अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन कर खिताब जीत रहे-केंद्रीय मंत्री ठाकुर
Kailash Gupta
Mon, Dec 15, 2025
बदनावर। दो दिवसीय सांसद खेल महोत्सव 2025' का सोमवार को यहां शासकीय नंदराम चौपड़ा विद्यालय परिसर में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर व भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार के मुख्य अतिथि में शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेडा, पूर्व राज्यमंत्री राजेश अग्रवाल व महेंद्रसिंह पिपलीपाड़ा, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज सोमानी, नगर परिषद अध्यक्ष मीना यादव, भाजपा नेता प्रह्लाद सिंह सोलंकी, महेंद्र सिंह सक्तावत, शेखर यादव, जितेंद्र जाट, दिनेश गिरवाल, नप उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह पवार, दोनों भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रेमचंद परमार व सुनील मोदी व जिला सहमीडिया प्रभारी मनोज सोलंकी, सरपंच योगेश मुकाती भी अतिथि रूप में मंचासीन थे। भाजपा के सभी 6 मंडलों के अध्यक्ष मनीष गुर्जर, संजय सिंह राठौर, गोविंद रघुवंशी, संतोष ढोलकिया, दिलीप सिंह सोलंकी व आशीष जैन ने अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया। नगर मंडल अध्यक्ष मनीष गुर्जर स्वागत भाषण दिया। इसके पहले अतिथियो ने सरस्वती पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'फिट इंडिया मूवमेंट' के सपने को साकार करने व 'खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। आज देश के खिलाड़ी विश्वभर में अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन कर खिताब जीत रहे हैं। प्रधानमंत्री लगातार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रहे हैं, जिससे खिलाड़ी भौ दोगुनी मेहनत से देश का नाम विश्व में ऊंचा कर रहे हैं।
इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और अंचल क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। उन्होंने ज़ोर दिया कि खेल से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। युवाओं से खेलों को करियर के रूप में अपनाने का आह्वान किया।
पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष पवन ने संबोधन में कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे खेलों को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। खेल केवल जीत–हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली का सशक्त आधार हैं, जो युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महोत्सव में विभिन्न शासकीय व निजी विद्यालयों के खिलाड़ी छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान वालीबाल, कबड्डी समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पंकज जायसवाल ने किया। आभार कानवन मण्डल के अध्यक्ष दिलीपसिंह सोलंकी ने माना।
दो दिवसीय खेल महोत्सव का मंगलवार शाम को समापन होगा। महोत्सव में 14 से अधिक आयु वर्ग के बालक व बालिका शामिल हो रहे है। महोत्सव में महिला एवं पुरूष कबड्डी, कुश्ती, खो-खो, एथलेटिक्स 100 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर लंबी कूद, गोला फेंक, बैडमिंटन, फुटबॉल, बास्केट व बॉलीवाल आदि खेलो का आयोजन हो रहा। प्रतियोगिता में श्रेष्ठ खिलाड़ी चयनित होकर जिला स्तर पर विकाखण्ड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन