Wed 17 Jun 2026

ब्रेकिंग

जिससे यातायात व्यवस्था परिवर्तित रहेगी

नगर में 26 आवारा कुत्ते पकड़े

महापौर एवं नपा अध्यक्ष पदों के आरक्षण के लिए अधिकारी नियुक्त

10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

बदनावर विधानसभा क्षेत्र में 9 नए डॉक्टर हुए नियुक्त

सुचना

सिविल अस्पताल के नवीन भवन का भी लोकार्पण : राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने शहीद राठौर की प्रतिमा का अनावरण किया

Kailash Gupta

Sun, Apr 5, 2026
Post views : 452

बदनावर। मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने आज बदनावर में अमर शहीद नायब सूबेदार रविंद्र सिंह राठौर की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके साथ ही उन्होंने साढ़े आठ करोड़ रुपये की लागत से बने सिविल अस्पताल के नवीन भवन का भी लोकार्पण किया।

राज्यपाल पटेल सुबह 10 बजकर 16 मिनट पर नागेश्वर धाम के पास बने हेलीपैड पर पहुंचे। केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव, भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती और नगर परिषद अध्यक्ष मीना शैखर यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

हेलीपैड से राज्यपाल सीधे माथुर कॉलोनी पहुंचे, जहां उन्होंने नगर परिषद द्वारा स्थापित शहीद रविंद्र सिंह राठौर की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने शिव वाटिका उद्यान का भी लोकार्पण किया। इसके उपरांत, वे कृषि उपज मंडी स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे और वहां लगाई गई प्रदर्शनी तथा स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन किया।

स्वागत भाषण में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने कहा कि शहीद की प्रतिमा हमें उनके साहस, वीरता और बलिदान की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने बताया कि बदनावर स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है और जनता को 50 बेड के नवीन अस्पताल की सौगात मिली है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार ने आम जनता के जीवन में खुशहाली लाने का काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि अब दुश्मन देशों की भारत की ओर आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं होती। उन्होंने सिकल सेल एनीमिया बीमारी को खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया।

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सैनिकों के साथ दीपावली और होली जैसे त्योहार मनाकर यह संदेश दिया है कि पूरा देश सुख-दुख में सैनिकों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि जब एक सैनिक देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करता है, तो वह दिन उसके परिवार के लिए गौरव का होता है, लेकिन साथ ही दुखों का पहाड़ भी टूटता है। ऐसे में हम सभी को शहीद के परिवार के साथ हर समय खड़ा रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पाना के रहने वाले रवींद्र सिंह ने भारत मां की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। ऐसे महान देशभक्तों पर हमें न केवल गर्व है, बल्कि युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए तथा सेना में भर्ती होकर देश की रक्षा करनी चाहिए।

वीरों की शहादत सदैव युवाओं को राष्ट्रवाद की प्रेरणा देती रहेगी। यहां लगी प्रतिमा शहीद के त्याग बलिदान व बहादुरी की प्रेरणा देकर वर्तमान व आने वाली युवा पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि सिकलसेल जैसी गम्भीर बीमारी से बचाने के लिए हम सभी को दृढ़ संकल्पित होना चाहिए। अंत मे आभार नगर परिषद अध्यक्ष मीना शेखर यादव ने माना।

शहीद के परिवार को बिठाया आगे,

मंच पर जैसे ही राज्यपाल पहुंचे। उन्होंने अमर शहीद रविंद्रसिंह राठौर के परिवार को मंच पर बुलाया। राज्यपाल ने शहीद की पत्नी प्रताप कुंवर मंच पर आगे की पंक्ति में बिठाकर सम्मान किया।

समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्र ठाकुर, पूर्व उद्योग मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव, भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती, धार विधायक नीना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदारसिह मेडा, पूर्व राज्यमंत्री राजेश अग्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज सोमान सहित कई जनप्रतिनिधि मोजुद थे।

Tags :

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन