Wed 17 Jun 2026

ब्रेकिंग

जिससे यातायात व्यवस्था परिवर्तित रहेगी

नगर में 26 आवारा कुत्ते पकड़े

महापौर एवं नपा अध्यक्ष पदों के आरक्षण के लिए अधिकारी नियुक्त

10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

बदनावर विधानसभा क्षेत्र में 9 नए डॉक्टर हुए नियुक्त

सुचना

: रुनीजा-काछीबड़ौदा-बदनावर मार्ग बदहाल,गड्ढों के चलते बस सेवा ठप्प बारिश से सडक़ें हो गईं जख्मी

Kailash Gupta

Sat, Aug 2, 2025
Post views : 153

बदहाल सडक़ मार्ग की मरम्मत कार्य के लिए 2 करोड़ रुपए स्वीकृत

बदनावर। धार और उज्जैन व रतलाम जिलों को जोड़ने वाला 13.38 किलोमीटर लंबा बहुप्रतीक्षित रुनीजा-काछीबड़ौदा-बदनावर मार्ग इन दिनों बेहद खराब हालत में है। यह सड़क रुनीजा रेलवे स्टेशन और दो अंतरराष्ट्रीय स्तर के उद्योगों को भी जोड़ती है,लेकिन इसकी बदहाली के कारण बसों की आवाजाही नगण्य हो गई है। इसका सीधा खामियाजा पाँच गाँवों के लोगों और वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है। हालांकि, इस मार्ग पर सीमेंट फैक्ट्री से रुनीजा तक के 10.8 किलोमीटर हिस्से में डामरीकरण के लिए करीब दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई है,लेकिन यह कार्य कब शुरू होगा,यह अभी स्पष्ट नहीं है।

मार्ग का महत्व और यातायात का दबाव

यह प्रमुख मार्ग लेबड़-नयागांव फोरलेन पर पीथाकुई से धमाना-काछीबड़ौदा होते हुए रुनीजा रेलवे स्टेशन तक एक शॉर्टकट रास्ता है। रुनीजा से खाचरौद,नागदा जंक्शन और महिदपुर जुड़े हुए हैं, वहीं बडऩगर,उज्जैन और रतलाम मार्ग भी इससे जुड़ा है। रतलाम फोरलेन पर स्थित बिलपांक टोल बचाने के लिए कई वाहन चालक काछीबड़ौदा,रुनीजा,खाचरौद होकर सीधे जावरा इसी मार्ग से निकलते हैं।

सोया प्लांट और सीमेंट फैक्ट्री भी यहीं

इसी मार्ग पर एक सोया प्लांट और एक सीमेंट फैक्ट्री जैसे दो बड़े उद्योग स्थापित हैं। इसके अलावा पीथाकुई चौराहे के पास सीमेंट के डिपो भी बने हैं,जहाँ से सीमेंट इसी रास्ते से खाचरौद,नागदा और महिदपुर तक भेजी जाती है। रुनीजा रेलवे स्टेशन से रैक के माध्यम से कच्चा माल भी सोया प्लांट तक ट्रकों में लोड कर इसी सड़क से लाया जाता है। यानी इस मार्ग पर रोजाना करीब 20 से 25 टन वजनी वाहन बड़ी संख्या में निकलते हैं। इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज लेकर यहाँ मंडी आते हैं। यातायात के बढ़ते दबाव के कारण सड़क की स्थिति दिनों दिन खराब होती जा रही है। डामर उखड़ गया है और गिट्टियां बाहर आ गई हैं,जिससे पूरी सड़क ऊबड़-खाबड़ हो गई है। बारिश ने सडक़ की हालत को और भी बिगाड़ दिया है। यदि समय रहते इस मार्ग का निर्माण नहीं हुआ तो यह और भी खस्ताहाल हो जाएगा।

सडक़ की जर्जर स्थिति से बस सेवा ठप्प

इस मार्ग की दुर्दशा के कारण अब यात्री बसें नहीं चल रही हैं। कई बार समय का तालमेल न बैठने से भूमिहीन और मजदूर वर्ग को तो कई बार पैदल ही यात्रा करनी पड़ती है। वर्ष 2005 तक यहां रोड़वेज की बस बदनावर व्हाया काछीबड़ौदा,रुनीजा होकर रतलाम चलती थी,जो दिन भर में तीन-तीन फेरे लगाती थी। इसके अलावा,दसाई से रुनीजा और रुनीजा से धार,राजगढ़ तक भी बसें चलती थीं। लेकिन अब सड़क की स्थिति बिगड़ने के कारण बसों के रूट बदल दिए गए हैं, जिससे चार से पांच गांव के लोग मुसीबत में फंस गए हैं। वर्तमान में स्कूलें शुरू होने के बाद कई निजी विद्यालयों की बसें भी इसी गड्डे भरी सड़क पर चल रही हैं।

डामरीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत

लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) बदनावर के एसडीओ एस.के.जैन ने बताया कि सीमेंट फैक्ट्री से काछीबड़ौदा - रुनीजा तक के 10.8 किलोमीटर हिस्से में डामरीकरण के लिए दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हो गई है और टेंडर भी हो गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्क ऑर्डर और एजेंसी की नियुक्ति शेष है। यह प्रक्रिया पूर्ण होते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू होगा,जिससे उनकी परेशानियां कम होंगी।

Tags :

विज्ञापन

विज्ञापन

जरूरी खबरें

विज्ञापन