: मंडी में सोयाबीन बेचने आए किसान की हत्या, सोयाबीन से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, पर्स और मोबाइल गायब
Kailash Gupta
Thu, Nov 28, 2024
Post views : 135
बदनावर। अनाज मंडी से 5 किमी दूर पेटलावद रोड पर चंदवाड़िया कलां गांव के पास झाड़ियों में मिला शव। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे युवक की लाश मंडी से करीब 5 किमी दूर मिली। गले में कई जगह छोटे-छोटे निशान मिले हैं। कपड़े भी फटे हुए थे। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक की गला घोंटकर हत्या की गई है। साथ ही सोयाबीन से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, पर्स, मोबाइल भी गायब है। फिलहाल, लूट के इरादे से हत्या का संदेह जताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के हाथ पर अंग्रेजी में आरएम गुदा हुआ मिला। सोशल मीडिया पर फोटो भेजने के बाद उसकी पहचान हो गई। मृतक का नाम राजेश उर्फ राजू पांचाल (35) था। वह बिलपांक थाना क्षेत्र के धानासुता में रहता था। घरवालों ने बताया कि वह ट्रैक्टर ट्रॉली में सोयाबीन भरकर बेचने के लिए बुधवार शाम बदनावर अनाज मंडी आया था। शाम 7 बजे पिता को फोन कर बताया कि मैं बदनावर पहुंच गया हूं। अब खाना खाऊंगा। उसके बाद उससे संपर्क नहीं हुआ। उसका मोबाइल भी गुरुवार दोपहर तक चालू रहा। पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया।
पुलिस को मंडी में किसान की ट्रैक्टर ट्रॉली नहीं मिली। पुलिस सोयाबीन भरी ट्रैक्टर ट्रॉली की खोजबीन के लिए मंडी समेत पूरे मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। हत्याकांड का पता लगाने के लिए भी टीम लगा दी गई है। जिस खेत में शव मिला, वह कैलाश भूरिया है। सुबह जैसे ही शव मिलने की खबर मिली तो मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर तथा टीआई अमित सिंह कुशवाह समेत कई पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली। टीआई अमित सिंह कुशवाह ने बताया कि मामले को लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। किसान के परिवार में माता-पिता, पत्नी, बेटा और बेटी है। वहीं सोयाबीन की कीमत डेढ़ से दो लाख रुपए बताई जा रही है।Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन