April 20, 2024

India 24 News TV

Khabar Har Pal Ki

बदनावर में स्थापित होगा पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क

उद्योग मंत्री दत्तीगांव के प्रयास से मिली क्षेत्र को बड़ी सौगात

बदनावर। मेक इन इंडिया को बढ़ावा देते हुए केंद्र सरकार ने “पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क” योजना में पूरे मध्यप्रदेश में एक मात्र बदनावर को चुना गया है। ऐसे में यहां आने वाले दिनों में बदनावर औद्योगिक इकाईयों के मामले में पूरे देश में जाना जाएगा। यह बड़ी सौगात प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान व उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के अथक प्रयास से मिली है। मध्य प्रदेश समेत सात राज्यों में यह पार्क स्थापित होंगे। जिसमें महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक व उत्तर प्रदेश को चुना गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद इसकी घोषणा की।

मिली जानकारी अनुसार बदनावर में यह पीएम मित्र मेगा टैक्सटाइल पार्क स्थापित होगा। जिसमें कपड़ा संबंधित इकाइयां लगेगी। खास बात यह है कि इसमें कपड़ों का पूरा काम एक ही जगह होगा। इसी जगह पीएम मित्र के तहत बने हब में रुई की कताई, धागे की बनाई, उसकी रंगाई, कपड़े बनाना, कपड़ो की छपाई और सिलाई एक ही स्थान पर होगी। एक ही स्थान पर सारा काम होने से लागत की कीमत भी कम आएगी। इससे भारतीय अपेरल एक्सपोर्टर दुनिया भर के बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धा कर पाएंगे। सरकार के इस मेगा इंटीग्रेटेड टैक्सटाइल पार्क से कपड़े तैयार करने से लेकर उनकी मार्केटिंग डिजाइनिंग और एक्सपोर्ट सभी एक ही जगह से होंगे। इससे यह क्षेत्र काफी विकसित हो जाएगा। गत दिनों मध्य प्रदेश सरकार ने रतलाम, धार, देवास व कटनी जिले में पीएम मित्र मेगा टैक्सटाइल पार्क के लिए प्रस्ताव भेजा था। जिसमें से धार जिले के बदनावर क्षेत्र को चयनित किया गया है।

प्रदेश के उद्योग मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने बताया कि इस पार्क की स्थापना होने से बदनावर की पहचान पूरे देश व विश्व में बढ़ेगी और भविष्य में यह पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र की तरह विकसित होगा। जानकारी के अनुसार 1 हजार से ज्यादा एकड़ क्षेत्र में इसकी स्थापना होगी। दत्तीगांव ने कहा कि यह 5F के विजन का चरण है, ताकि विदेशों तक हम अपने कपड़ा उद्योग का विस्तार करें। पूरी प्रक्रिया में पहले खर्च बढ़ता था और बर्बादी होती थी। लेकिन अब एक ही जगह टेक्सटाइल पार्क होने पर यह नहीं होगा। यह निर्णय टेक्सटाइल सेंटर में निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के अनेक अवसर सृजित करने में मददगार साबित होगा।

बदलेगी बदनावर की तस्वीर

इस बड़े औद्योगिक पार्क की स्थापना से बदनावर क्षेत्र काफी विकसित होगा। पश्चिम क्षेत्र की रंगत ही बदल जाएगी। पीथमपुर क्षेत्र में स्थापित ओद्योगिक इकाइयो की तरह बदनावर क्षेत्र में उद्योग लगेंगे। इससे आने वाले दिनों में बदनावर की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। बता दे कि प्रदेश की भाजपा सरकार में बदनावर की भागीदारी मिलने के बाद यहां विकास की गति आगे बढ़ी है। पहली बार सरकार में उद्योग विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी यहां के विधायक राजवर्धनसिंह दत्तीगांव को मिलने के बाद एक दम बदनावर विकास की रफ्तार में तेजी से बढ़ने लगा है। दत्तीगांव के प्रयास से दो बड़े उद्योग पहले ही यहां स्वीकृत होकर बनने लगे है। खेरवास में बड़ा सोया प्लान्ट स्थापित हो रहा है। करीब 65 एकड़ क्षेत्र में इसका विस्तार हो रहा है। आईबी ग्रुप इस प्लांट की स्थापना यहां करीब साढ़े 300 करोड़ से अधिक लॉगत से कर रहा है। इस उद्योग के निर्माण का काम तेजी से यहां चल रहा है। इसी तरह यहां ग्राम छायन में भी कपड़ा कारखाना बनने जा रहा है। करीब 50 एकड़ क्षेत्र में करीब 250 करोड़ की लागत से इसकी स्थापना यहां हो रही है। न्यू जील रेन वियर कंपनी यहां रेनवीयर, विंटर वियर और सेफ्टी वियर आदि के आउटर वियर उत्पादों के अग्रणी निर्माता उद्योग समूह है। यह कंपनी अपने उत्पादों को अमेरिका, यूरोप और मध्य पूर्व के देशों में निर्यात करती है। अब यह बड़ी कंपनी यहां छायन में निवेश कर रही है।

About Author