April 20, 2024

India 24 News TV

Khabar Har Pal Ki

कांग्रेस पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष कोन इसका फैसला 19 अक्टूबर को होगा

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष कोन इसका फैसला 19 अक्टूबर को होगा। इसी दिन मतगणना होगी। घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, चुनाव के लिए 22 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू होगी। इसकी अंतिम तिथि 30 सितंबर तय की गई है।

 

गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के भविष्य और उसके अगले अध्यक्ष पर उठ रहे सवालों के बीच रविवार को पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति (CWC) की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष और पार्टी के अगले अध्यक्ष के चुनाव की तारीखों पर मंथन हुआ। सोनिया गांधी ने वर्चुअली रूप से शामिल होकर इस बैठक की अध्यक्षता की। उनके साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद रहे। सोनिया गांधी इस समय मेडिकल चेकअप के लिए विदेश दौरे पर हैं और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी उनके साथ हैं।

 

कांग्रेस ने कुछ ही दिन पहले नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को टाल दिया था। कांग्रेस ने पिछले साल अक्टूबर में घोषणा की थी कि पार्टी के नए अध्यक्ष का चुनाव इस साल 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच होगा।

 

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं द्वारा सार्वजनिक रूप से राहुल गांधी से दोबारा कांग्रेस के अध्यक्ष बनने का आग्रह कर चुके हैं। हालांकि, इस मुद्दे पर अनिश्चितता बरकरार है। वहीं, पार्टी के कई अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी अपने रुख पर कायम हैं कि वह AICC के अध्यक्ष नहीं होंगे। 2019 में संसदीय चुनावों में पार्टी को लगातार दूसरी हार का सामना करने के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में इस्तीफा दे दिया था। राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बैठक में अध्यक्ष के नाम पर चर्चा नहीं हुई। हमने इस विषय पर चर्चा की है कि अध्यक्ष पद का चुनाव कब होना चाहिए और उसके लिए क्या-क्या तैयारियां करनी होगी। सारे कांग्रेस वर्कर की भावना है कि राहुल गांधी जी कांग्रेस अध्यक्ष बनें।

 

केसी वेणुगोपाल ने दी जानकारी

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने बताया कि CWC ने सोनिया गांधी के नेतृत्व में बैठक की और अंतिम कार्यक्रम को मंजूरी दे दी। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 24 सितंबर से 30 सितंबर तक होगी। चुनाव 17 अक्टूबर को होंगे और मतगणना और परिणामों की घोषणा 19 अक्टूबर को होगी।

About Author